कोयला कंपनी अंकुश लगाएगी हैवी ब्लास्टिंग पर, 10 दिनों में भरेगा शांतिनगर का तालाब

कोरबा-हरदीबाजार। SECL दीपका क्षेत्र की खदान प्रभावितों की समस्याओं को लेकर सकारात्मक पहल की गई है। शांतिनगर मोहल्ला के निकट सूखे तालाब को खदान के पानी से भरने, हैवी ब्लास्टिंग पर नियंत्रण लगाने और अन्य समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया है।

पिछले शुक्रवार को खदान प्रभावितों द्वारा ओबी उत्खनन कार्य रोक दिए जाने के बाद एसईसीएल दीपका प्रबंधन ने प्रभावितों के साथ बैठक की। भू-राजस्व अधिकारी सुशील साहू को दिए गए ज्ञापन के बाद प्रबंधन ने शांतिनगर पहुंचकर सूखे तालाब का निरीक्षण किया।

प्रबंधन के आश्वासन
खदान के तलहटी वाले पानी को पाइपलाइन के माध्यम से शांतिनगर के तालाब में 10 दिनों के अंदर भरा जाएगा।

हैवी ब्लास्टिंग पर सख्त नियंत्रण रखा जाएगा और सुरक्षा बाड़ा लगाया जाएगा।

शांतिनगर व हरदीबाजार के जरूरी स्थानों पर सिंटेक्स टैंक लगाए जाएंगे।

पानी टैंकरों की संख्या और फेरा बढ़ाया जाएगा।
खदान का दायरा नहीं बढ़ाया जाएगा।

बैठक में जीएम माइनिंग नागेंद्र कुमार साहू, सर्वे मैनेजर डी.के. साहू, सिविल इंजीनियर नीरज गुप्ता और अनिल पाटले सहित प्रबंधन के अधिकारी मौजूद थे।

प्रभावितों की ओर से अजय दुबे (भाजपा जिला मंत्री), पूर्व जनपद सदस्य अनिल टंडन, उमेश राठौर, प्रदीप राठौर, लाला राठौर, रामायण यादव, चरण कुंवर, राजाराम राठौर सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

प्रभावितों ने प्रबंधन के इन आश्वासनों पर संतोष जताते हुए ओबी उत्खनन कार्य फिर से शुरू कर दिया है।