बेमतलब चेन पुलिंग करने वालों पर आरपीएफ सख्त, 33 मामलों में वसूला जुर्माना

गलत तरीके से यात्रा और रेलवे फाटक पार करने वालों पर भी कार्रवाई, यात्रियों को दी गई सुरक्षा संबंधी सलाह

कोरबा रेलखंड में बिना वजह चेन पुलिंग कर ट्रेनों को रोकने वाले लोगों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सख्त कार्रवाई की है। बीते समय में सामने आए 33 मामलों में कार्रवाई करते हुए प्रत्येक आरोपी से एक-एक हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। इस तरह रेलवे ने कुल 33 हजार रुपए की पेनाल्टी वसूल की है।

आरपीएफ कोरबा पोस्ट प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान दिव्यांग और महिला कोच में गलत तरीके से यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी कार्रवाई की गई। इन मामलों में रेलवे द्वारा 3 लाख 51 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया है।

उन्होंने बताया कि बंद रेलवे फाटक के नीचे से निकलने वाले लोगों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं और कुछ की जान भी जा चुकी है। इसे रोकने के लिए आरपीएफ द्वारा जुर्माने के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय पर स्टेशन पहुंचें और कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश न करें।

रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।