कोरबा। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की रफ्तार सुस्त पड़ने के कारण आमजन को बुनियादी सुविधाएं समय पर नहीं मिल पा रही हैं। कोरबा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कटबितला में वर्ष 2022-23 में स्वीकृत तीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण अभी भी अधूरा पड़ा है।
निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है। ठेकेदार द्वारा रुक-रुक कर काम कराए जाने के कारण भवनों की गुणवत्ता और मंशा पर स्थानीय लोगों के सवाल उठ रहे हैं। निर्माण कार्य पूर्व सरपंच के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था, लेकिन सरपंच बदल जाने के बाद भी काम अधर में लटका हुआ है।
आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन न बन पाने के कारण बच्चे कभी पंचायत भवन, तो कभी किराए की परछी या अन्य स्थानों पर बैठकर अनौपचारिक शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और पोषण आहार ग्रहण कर रहे हैं। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
गांव के जागरूक नागरिकों ने आशंका जताई है कि निर्माण एजेंसी द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य कराया जा रहा है और लीपापोती की जा रही है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आंगनबाड़ी के बच्चों को उनका अपना भवन मिल सके और केंद्र सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
यह मामला ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं की धीमी गति और लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण बन गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
