निर्माणाधीन रेलवे लाइन से केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार, 200 किलो कॉपर केबल जब्त

कोरबा-दीपका।निर्माणाधीन रेलवे लाइन से जमीन खोदकर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। थाना प्रभारी प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में टीम ने प्रकरण में 6 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनसे चोरी का केबल एवं 5000 रुपये नगद रकम जब्त किया गया है।

मामले का प्रार्थी गोपाल, भारत रेल ऑटोमिशन प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर का कार्य करता है। ब्लॉक केबिन 03 दीपका में नई रेलवे लाइन में केबल बिछाने का काम चल रहा है, जिसमें जमीन के अंदर कॉपर केबल लगभग 02 किलोमीटर में 03.04.2026 को बिछाया गया था। 15.04.2026 की सुबह 10 बजे जाकर देखा तो जमीन खोदकर कॉपर केबल चोरी मिली।

· चोरी गए कॉपर तार का वजन: लगभग 200 किलोग्राम
· अनुमानित कीमत: लगभग 90,000 रुपये

घटना के बारे में वरिष्ठ अधिकारी साइड इंजीनियर अनिल सिंह सहित अन्य को बताया गया और निर्देश पर दीपका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। गोपाल की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) BNS का जुर्म दर्ज कर तलाश शुरू की गई।

एसपी के मार्गदर्शन में मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दीपका पुलिस ने एसपी सिद्धार्थ तिवारी से मार्गदर्शन प्राप्त कर टीम गठित की और आरोपियों की पतासाजी की गई। जांच एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपीगण

1 शत्रुघ्न रोहिदास इंद्रलाल रोहिदास 35 कसाईपाली, दीपका, कोरबा
2 परदेसी रोहिदास रामलाल रोहिदास 30 कसाईपाली, दीपका, कोरबा
3 बैसाखू रोहिदास परशुराम रोहिदास 50 कसाईपाली, दीपका, कोरबा
4 अनुज महिलांगे शोभाराम महिलांगे 26 गोबरघोरा, दीपका, कोरबा
5 शनीराम अगरिया बहोरन सिंह अगरिया 45 कसाईपाली, दीपका, कोरबा
6 राकेश रोहिदास हीराराम रोहिदास 18 कसाईपाली, दीपका, कोरबा

सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। मामले में अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है।

कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने अपील की है कि रेलवे संपत्ति, सार्वजनिक संपत्ति एवं अन्य किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 में दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।