कोरबा।रिसदी स्थित वन विभाग द्वारा संचालित चिड़ियाघर नर्सरी में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 4 बजे लगी यह आग तेजी से फैलकर विकराल रूप धारण कर गई और कई एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। दूर-दूर तक उठती लपटें और काला धुआं देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
आग इतनी तेजी से फैली कि नर्सरी में लगे कीमती पौधों और सालों पुराने पेड़ों को बचाने का मौका ही नहीं मिल सका।
देखते-ही-देखते बड़ी संख्या में पौधे और वृक्ष जलकर राख हो गए। वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण आग पर काबू पाने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग का असर केवल पौधों तक सीमित नहीं रहा। नर्सरी में रह रहे पशु-पक्षी और अन्य जीव-जंतु भी खतरे में पड़ गए।
पक्षी घोंसले छोड़कर उड़ने लगे और छोटे जीव इधर-उधर भागते नजर आए। कई घोंसले और प्राकृतिक आवास पूरी तरह नष्ट हो गए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारी मान रहे हैं कि नर्सरी में जानबूझकर आग लगाई गई हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि करीब एक महीने पहले भी इसी नर्सरी में आग लगने की घटना हो चुकी है, जिससे विभाग की चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग की टीम घटना की जांच में जुट गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
