कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन, गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

कोरबा।बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को कोरबा के ओपन थिएटर मेन रोड पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ नारेबाजी की।

रामपुर विधायक फुलसिंह राठिया ने कहा कि कुछ ही महीनों में गैस सिलेंडर की कीमतें कई बार बढ़ाई जा चुकी हैं।

भाजपा सरकार चुनाव से पहले तो कीमतें टाल देती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता की जेब काटने का काम शुरू कर देती है।

जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज चौहान ने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं पर लगातार मूल्य वृद्धि का आम जनता पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि महंगाई का अगला हमला पेट्रोल और डीजल पर होने वाला है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेख इश्तियाक ने कहा कि महंगाई ने पूरे देश में आम आदमी, कमजोर वर्ग और मध्यम वर्गीय परिवारों को बुरी तरह प्रभावित किया है। रेखा त्रिपाठी और कुसुम द्विवेदी ने कहा कि महंगाई के कारण अब लोगों का जीवन यापन करना मुश्किल होता जा रहा है।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष गजानंद प्रसाद साहु ने रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और राशन सामग्री की बढ़ती कीमतों को गंभीर मुद्दा बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला।

प्रदर्शन में नारायण कुर्रे, दुलेश्वरी सिदार, पालुराम साहु, राजेंद्र तिवारी,ए.डी. जोशी,बसंत चंद्रा, गोरे लाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु सहित कई पार्षद और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।