कोरबा। भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को बिलासपुर-कोरबा रेलखंड पर चलने वाली लोकल मेमू ट्रेन क्रमांक 68746 ने यात्रियों को खासी परेशानी में डाल दिया। रायपुर से शाम करीब 4 बजे रवाना हुई यह ट्रेन बिलासपुर तक सामान्य रही, लेकिन इसके बाद सरगबुंदिया स्टेशन के पास अचानक दो घंटे तक रोकी गई।
ट्रेन के रुकने के दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण यात्रियों की हालत खराब हो गई। कई कोचों में पंखे पर्याप्त हवा नहीं दे पा रहे थे और खिड़कियों से भी राहत नहीं मिली।
बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हुए। पानी की भी कमी हो गई, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन के अचानक रुकने के बाद रेलवे की ओर से लंबे समय तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे उनकी चिंता बढ़ती गई। कुछ यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में समय-समय पर सूचना देनी चाहिए थी।
सूत्रों के अनुसार, ट्रैक क्लियरेंस या सिग्नलिंग संबंधी समस्या के कारण ट्रेन को रोका गया था। हालांकि रेलवे की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गर्मी के इस बढ़ते मौसम में रेलवे की इस घटना ने यात्री सुविधा और समयबद्धता को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
