कोरबा। गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाओं को देखते हुए कोरबा सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने अग्नि सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अस्पताल में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को फायर एक्सटिंग्विशर की कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया है।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर ने बताया कि अस्पताल संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण आग की किसी भी घटना की रोकथाम के लिए पर्याप्त संख्या में फायर एक्सटिंग्विशर लगाए गए हैं।
ये एक्सटिंग्विशर वार्ड, एसएनसीयू, क्रिटिकल केयर यूनिट, मेटरनिटी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर सहित अस्पताल के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर उपलब्ध कराए गए हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से दिए गए प्रशिक्षण को अब अपडेट किया जा रहा है। डॉ. गोपाल कंवर ने कहा कि लक्ष्य यह है कि कोई भी आपात स्थिति उत्पन्न होने पर स्टाफ हड़बड़ाए नहीं और तुरंत आग पर नियंत्रण पा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल क्षेत्र में और भी नए विकास कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए 1.25 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जिससे अस्पताल की सुविधाओं में और सुधार होगा तथा कई कमियां दूर होंगी।
पिछले 7 वर्षों में मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और यहां अब तक लाखों मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
अग्नि सुरक्षा को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन की यह सक्रियता सराहनीय कदम माना जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
