प्रभारी सचिव ने पीएम श्री एकलव्य विद्यालय छुरी कला का किया औचक निरीक्षण

शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा, सुधार के दिए निर्देश

कोरबा।प्रभारी सचिव तथा कोरबा जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने आज विकासखंड कटघोरा अंतर्गत छुरी कला स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की प्रगति, आवासीय व्यवस्थाओं तथा आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने कक्षाओं, स्मार्ट क्लासरूम, केमिस्ट्री लैब, लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, छात्रावास और मेस की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा कर शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों के समग्र विकास और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।

डॉ. रोहित यादव ने निर्देश दिए कि विद्यालय में आवश्यक वाइटवॉश, मरम्मत एवं सुधार कार्य ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि आगामी सत्र में विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने बालिका छात्रावास, भोजन की गुणवत्ता और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा छात्राओं से फीडबैक लिया।

प्रभारी सचिव ने कहा कि पीएम श्री एकलव्य विद्यालय को आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया गया है। इसमें और बेहतरी लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। उन्होंने मोबाइल फोन पर सख्ती, लाइब्रेरी की 24 घंटे उपलब्धता और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना की।

इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि जिला खनिज न्यास मद से विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने का कार्य चल रहा है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल,ओंकार यादव,एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना,एसडीएम पाली रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।