सुशासन तिहार 2026: प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने की विकास कार्यों की समीक्षा, पीएम सूर्यघर योजना में तेजी के निर्देश

कोरबा। ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत छत्तीसगढ़ शासन के ऊर्जा एवं जनसंपर्क सचिव तथा जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की प्रशासनिक प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान प्रभारी सचिव ने विशेष रूप से पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इस योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने पीवीटीजी परिवारों को प्राथमिकता देने और किसी एक गांव को पूर्ण सौर ऊर्जा आधारित मॉडल गांव के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि डीएमएफ सहित विभिन्न विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए एक निर्माण पोर्टल तैयार किया गया है।

राजस्व विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले के लगभग 9.57 लाख खसरों में से 97 प्रतिशत से अधिक का डिजिटल हस्ताक्षरीकरण पूरा हो चुका है। स्वामित्व योजना के तहत 792 गांवों में से 337 गांवों के मानचित्रों का अंतिम प्रकाशन हो चुका है और 12,890 अधिकार अभिलेख वितरित किए गए हैं।

आवास योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में 1.18 लाख स्वीकृत आवासों में से 97,588 पूर्ण किए जा चुके हैं, जो लगभग 83 प्रतिशत है। सड़क निर्माण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 11 लाख से अधिक कार्ड बनाए गए हैं, जबकि बच्चों का टीकाकरण कवरेज 98.93 प्रतिशत तक पहुंच गया है। आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बिहान योजना के अंतर्गत 12,433 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं।

बैठक में प्रभारी सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं को समयसीमा में पूरा करें और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाने और सुधारात्मक कदम समय पर लागू करने पर जोर दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी,डीएफओ कुमार निशांत,श्रीमती प्रेमलता यादव,नगर निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय,जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल,ओंकार यादव, प्रशिक्षु आईएएस डॉ तरुण किरण,एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।