कोरबा। मंगलवार शाम करीब 5 बजे के बाद जिले में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस अचानक बदलाव ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ, वहीं कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
आंधी और बारिश के शुरू होते ही बाजारों और मुख्य मार्गों पर अफरा-तफरी मच गई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए, जबकि कई दोपहिया वाहन चालक तेज हवा और बारिश के बीच फंस गए। शहर के निचले इलाकों सहित रविशंकर नगर, बुधवारी, टीपी नगर और पावर हाउस रोड समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तेज आंधी के कारण उड़ी धूल, राख और कोल डस्ट ने लोगों को पहले ही प्रभावित किया, वहीं इसके बाद हुई तेज बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए। कई स्थानों पर होर्डिंग और अस्थायी ढांचे भी क्षतिग्रस्त होने की खबर है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण प्रदेश के मौसम में अचानक बदलाव आया है। गर्मी के बीच वातावरण में बनी अस्थिरता के चलते गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की स्थिति बनी, जिसका असर कोरबा सहित कई जिलों में देखने को मिला।
ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
