पत्नी के मायके जाने से नाराज, 150 फीट हाईटेंशन टावर पर चढ़ा पति, ढाई घंटे बाद नीचे उतरा

कोरबा।कोरबा-चांपा मार्ग पर उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमंदी में मायके जाने से नाराज एक पति 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और सुसाइड करने की धमकी देता रहा। लगभग ढाई घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामा के बाद पत्नी के घर लौटने की हामी भरने पर वह नीचे उतरा।जानकारी के अनुसार, ग्राम करमंदी निवासी दंपत्ति में पत्नी के मायके चले जाने को लेकर विवाद था।

पत्नी का आरोप है कि पति मादक द्रव्य का सेवन कर नशे में मारपीट करता है, जिससे तंग आकर वह कुछ दिन पहले मायके चली गई थी।पति ने उसे मनाने की कई कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। नशे की हालत में परेशान पति हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।

उसे चढ़ते देख ग्रामीणों ने नीचे उतरने को कहा, लेकिन उसने एक न सुनी। टावर के ऊपर बैठकर वह चिल्लाता रहा और शर्त रखी कि पत्नी घर लौटेगी तभी वह नीचे आएगा, वरना तार छूकर जान दे देगा।

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मोबाइल पर बातचीत के बाद पत्नी से संपर्क किया गया। पत्नी ने विवाद न करने की शर्त पर घर लौटने की सहमति दे दी।

इसके बाद पुलिस की समझाइश पर युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया।पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर चिकित्सालय में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।