सायबर ठगी से बचने के लिए च्वाइस सेंटर व मोबाइल दुकान संचालक होंगे ‘सायबर दूत’, पुलिस ने शुरू की अनोखी पहल

कोरबा।कोरबा जिला सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के नेतृत्व में सायबर ठगी से लोगों को बचाने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में च्वाइस सेंटर और मोबाइल दुकान संचालकों को सक्रिय रूप से जोड़ा गया है। अब ये संचालक ‘सायबर दूत’ की भूमिका निभाएंगे।

डिजिटल लेनदेन बढ़ने के साथ मोबाइल यूजर्स अक्सर सायबर ठगों के झांसे में फंस रहे हैं। ऐसे में सायबर पुलिस ने च्वाइस सेंटर और मोबाइल दुकानों को जागरूकता का माध्यम बनाया है। सायबर थाना टीम ने इन संचालकों की बैठक लेकर उन्हें सायबर सुरक्षा के विशेष टिप्स दिए।

मुख्य निर्देश:

ग्राहकों के मोबाइल पर अनावश्यक या संदिग्ध ऐप्स की जांच करना।

सिक्योरिटी को मजबूत करना।

सायबर फ्रॉड की आशंका होने पर तुरंत सायबर थाना को सूचना देना।

सायबर दूतों के साथ एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है, जिसमें सायबर थाना से जागरूकता संबंधी सामग्री नियमित रूप से साझा की जा रही है।

निरीक्षक ललित चंद्रा ने कहा कि च्वाइस सेंटर और मोबाइल दुकान हर गांव-शहर में आम लोगों के संपर्क में रहते हैं। इन्हें जागरूक करने से सायबर ठगी के मामलों में कमी आने की उम्मीद है।

यह अभियान जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है।