तेलसरा में नशामुक्ति रैली, ग्रामीणों ने लिया नशा छोड़ने का संकल्प

कोरबा। जिले के कटघोरा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलसरा में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृहद रैली का आयोजन किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

रैली डिपरापारा से बैगाकुड़ा तक निकाली गई, जिसमें भारत माता वाहिनी दल के सदस्यों ने नारे और स्लोगन के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान नशामुक्ति से संबंधित साहित्य भी वितरित किया गया और लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक हरीश सक्सेना ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने इससे बचाव के उपाय भी बताए और ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।