सही दवा-शुद्ध आहार अभियान के द्वितीय चरण में वैक्सीन स्टोरेज एवं कोल्ड चेन का सघन निरीक्षण

कोरबा।“सही दवा- शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के अंतर्गत जिले में 27 अप्रैल से 11 मई तक चल रहे 15 दिवसीय सघन जांच अभियान के द्वितीय चरण में वैक्सीन स्टोरेज एवं कोल्ड चेन का निरीक्षण किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन, औषधि प्रकोष्ठ कोरबा के औषधि निरीक्षकों ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ शासकीय एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण में श्री तिरुपति मेडिकल एजेंसी निहारिका,स्वेता हॉस्पिटल,डॉ.एस.के.अग्रवाल चाइल्ड क्लिनिक, मधुशील मेडिको, कृष्णा हॉस्पिटल, एन.के.एच. हॉस्पिटल, जिला अस्पताल वैक्सीन स्टोरेज सेंटर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी धन कुंवर (पुराना बस स्टैंड) सहित कई केंद्र शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान वैक्सीन के उचित तापमान में संधारण, क्रय-विक्रय दस्तावेजों की जांच एवं स्टॉक मिलान किया गया। कुछ वैक्सीन सेंटरों में फ्रिज अलार्म सिस्टम सही ढंग से कार्यरत नहीं पाए गए, जिन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। सभी केंद्रों को वैक्सीनेशन उपरांत संभावित दुष्प्रभावों की पंजी संधारित करने के निर्देश भी दिए गए।

कुछ स्थानों पर तापमान प्रदर्शन प्रणाली एवं तापमान लॉगबुक के नियमित संधारण में कमी पाई गई।

आवश्यकतानुसार पावर बैकअप एवं वैक्सीन कैरियर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

अभियान का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानक अनुरूप दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना, अवैध औषधि विक्रय पर नियंत्रण स्थापित करना एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री संबंधी कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन करना है।

अगामी दिनों में अभियान के अंतर्गत कोटपा के तहत चालानी कार्यवाही, नशीली औषधियों के दुरुपयोग को रोकने हेतु मेडिकल स्टोर्स की जांच एवं व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।