विकास कार्यों में लापरवाही स्वीकार्य नहीं,समय पर काम न करने वाली एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करें: लखनलाल

कोरबा।प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। समय पर कार्य शुरू न करने वाली निर्माण एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जाए, ताकि शहर का विकास कार्य प्रभावित न हो और आम नागरिकों को समय पर लाभ मिल सके।

मंत्री श्री देवांगन ने आज नगर पालिक निगम कोरबा के टी.पी. नगर एवं कोरबा जोन के 18 वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी कार्य में कोई मैदानी समस्या आ रही है तो उसे सीधे निरस्त न करें, बल्कि उन्हें अवगत कराएं, समस्या का समाधान कर कार्य पूरा किया जाएगा।


बैठक में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत,आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित संबंधित वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।

टी.पी. नगर व कोरबा जोन के 18 वार्डों में वर्तमान में 175 विकास कार्य स्वीकृत हैं।

इनमें सी.सी. रोड, नाली-नाला निर्माण, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी, स्कूल भवन, मंगल भवन, डोम, कल्वर्ट, शौचालय, स्ट्रीट लाइट आदि कार्य शामिल हैं।

मंत्री ने विभिन्न मदों (जिला खनिज न्यास, अधोसंरचना, वित्त आयोग, विधायक मद, CSR आदि) के तहत स्वीकृत, प्रगतिरत एवं पूर्ण हो चुके कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश

आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और उनकी शिकायतों का त्वरित निराकरण करें।

पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं साफ-सफाई संबंधी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करें।

सभी 67 वार्डों में बिना भेदभाव के समान विकास कार्य कराए जाएं।

शासकीय योजनाओं (प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन आदि) के क्रियान्वयन में तेजी लाएं।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि केन्द्र, राज्य और निगम में हमारी सरकार है, इसलिए इसका पूरा लाभ नागरिकों को मिलना चाहिए। उन्होंने उद्योग मंत्री के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।