तीन राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, कोरबा में भव्य विजय उत्सव

कोरबा।पश्चिम बंगाल, आसाम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में कोरबा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य विजय उत्सव मनाया।

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जगह-जगह पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया। पूरे जिले में उत्साह और जश्न का माहौल छाया रहा।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह जीत देश की जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों की जीत है। जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की नीतियों पर मुहर लगाई है।

कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ने इस विजय को ऐतिहासिक बनाया है।

गोपाल मोदी ने आगे कहा कि भाजपा हमेशा जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध रही है। इस जीत से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है, जिससे संगठन और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

विजय उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। जिलेभर में गूंजते नारों और जश्न के माहौल ने इस ऐतिहासिक जीत को यादगार बना दिया।