कुसमुंडा माइंस में चलते टीपर में लगी आग, ऑपरेटर ने कूदकर बचाई जान

कोरबा।एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र की कोयला खदान में रविवार को दोपहर गोदावरी फेस में कोयला परिवहन कर रहे सोनू-मोनू कंपनी के टीपर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।

ऑपरेटर ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। यह एक सप्ताह के अंदर इस तरह की दूसरी घटना है, जिससे खदान में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, सोनू-मोनू कंपनी का कोयले से भरा टीपर लोडिंग के बाद गोदावरी फेस से निकल रहा था।

अचानक इंजन से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने पूरे वाहन को घेर लिया। चालक ने जान बचाने के लिए कूदना उचित समझा। बताया गया कि टीपर में आग बुझाने के लिए कोई फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद नहीं था।

आग लगने की सूचना मिलते ही खदान में अफरा-तफरी मच गई। माइंस रेस्क्यू टीम और एसईसीएल की दो दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक टीपर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। आग की घटना के कारण गोदावरी फेस की ओर जाने वाला रास्ता कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा, जिससे कोयला परिवहन प्रभावित हुआ।

एक सप्ताह पहले भी कुसमुंडा खदान में एक अन्य टीपर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, जिसमें ऑपरेटर ने कूदकर अपनी जान बचाई थी। इन लगातार घटनाओं को देखते हुए डीजीएमएस को सूचित किए जाने की संभावना है।