गर्मी में पानी नहीं, बस स्टैंड का वाटर एटीएम बना नमूना, 1 रुपए में ठंडा पानी देने की योजना धरी की धरी रह गई

कोरबा। सिर्फ 1 रुपये में ठंडा पानी देने वाली योजना के अंतर्गत पिछले वर्षों में नगर पालिक निगम के द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड में स्थापित किया गया वाटर एटीएम इस मौसम में ड्राई है। लोगों को यहां से पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही है।

कई दिनों से बंद है वाटर एटीएम
स्थानीय व्यवसायियों और यात्रियों ने बताया कि कई दिनों से वाटर एटीएम पानी नहीं दे रहा है। अपनी जरूरत के लिए लोग इस वाटर एटीएम तक पहुंचते हैं और पानी की आस में टोटी का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उन्हें पता चलता है कि इसमें पानी नहीं है।

लाखों रुपए खर्च कर लगाए गए थे एटीएम
नगर निगम के द्वारा पिछले वर्षों में लाखों रुपए ऐसे कई वाटर एटीएम की स्थापना के लिए खर्च किए गए थे। औपचारिक रूप से कुछ दिनों तक इनका संचालन हुआ और फिर तकनीकी खराबी के बाद ये बंद हो गए।

गर्मी के मौसम में मांग- सुधार करें निगम
लोगों का कहना है कि कम से कम गर्मी के मौसम में आम जनता को सुविधा देने के इरादे से इनका सुधार कर लिया जाना चाहिए। ऐसा होने से सहूलियत मिलेगी और योजना को सार्थक किया जा सकेगा।