कोरबा।एसईसीएल दीपका प्रबंधन की मनमानी से भड़के हरदीबाजार के लोगों ने शांतिनगर मोहल्ला से लगे मलगांव फेस पर ओवरबर्डन उत्खनन का काम बंद करा दिया।
लोगों ने कहा कि मुआवजा और पुनर्वास के बिना हमारी बस्ती के नजदीक ऐसे कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शांतिनगर मोहल्ला में तीन पीसी मशीनों और दर्जनों भारी वाहनों की आवाजाही से धूल का गुबार छाया हुआ है। साथ ही उत्खनन से जल संकट और बढ़ गया है।
मोहल्लेवासियों ने दीपका महाप्रबंधक के नाम मांग पत्र सौंपा, जिसमें भू-राजस्व अधिकारी सुशील साहू और अजय राठौर को दिया गया। उन्होंने कहा कि हमने एसईसीएल और प्रशासन का साथ देकर शांतिपूर्वक मकानों की नापी कराई है, लेकिन प्रबंधन जल्द से जल्द संतोषजनक मुआवजा, बसाहट और नौकरी सुनिश्चित करे, ताकि हम खदान की जद से चले जाएं।
लोगों ने खदान सुरक्षा दायरा छोड़कर ओबी उत्खनन करने और आबादी के नजदीक ब्लास्टिंग न करने की मांग की। अन्यथा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
सरपंच लोकेश्वर कंवर ने कहा कि एसईसीएल दीपका प्रबंधन को खदान सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि नजदीक घनी आबादी वाली बस्ती है। भाजपा जिला मंत्री अजय दुबे ने भी प्रबंधन की मनमानी की निंदा की।
हरदीबाजार के कई मोहल्लों (कालेज रोड, गांधीनगर, हॉस्पिटल मोहल्ला, पुराना दीपका रोड, भांठापारा आदि) में इस समय टैंकर से जलापूर्ति हो रही है, जो नाकाफी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
