कोरबा। शहर के पुराने क्षेत्र के विकास और आम जनता को महानगरों जैसी सुविधाएं देने के उद्देश्य से पावर हाउस रोड को मॉल रोड के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने के लिए नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने क्षेत्र के व्यापारियों से सहयोग की अपील की है।
नगर निगम की प्रस्तावित योजना के तहत नहर पुल से ओवरब्रिज तक पावर हाउस रोड का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। सड़क के बीच के डिवाइडर हटाकर पेवर ब्लॉक, फाउंटेन और हरियाली विकसित की जाएगी। इस रोड को पूरी तरह पैदल मार्ग (पैदल ज़ोन) के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां कार और बाइक का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे लोग आराम से पैदल घूमते हुए खरीदारी कर सकें।
बुजुर्ग और दिव्यांगजनों के लिए ई-व्हीकल की सुविधा उपलब्ध कराने की भी योजना है। साथ ही, मनोरंजन के साधन विकसित कर इसे पर्यटन के लिहाज से आकर्षक बनाया जाएगा।
सभापति ने कहा कि वर्तमान में भारी ट्रैफिक और भीड़भाड़ के कारण लोग पावर हाउस रोड जाने से बचते हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में यहां का व्यापार ठप पड़ सकता है।

उन्होंने रायपुर और बिलासपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां व्यापारियों के सहयोग से ही शहरों का विकास संभव हो पाया है। मॉल रोड बनने से कोरबा के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें खरीदारी के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
नूतन सिंह ठाकुर ने व्यापारियों से अपील की है कि वे तत्कालिक लाभ से ऊपर उठकर शहर के दीर्घकालीन विकास के लिए नगर निगम की इस योजना में सहभागी बनें, ताकि कोरबा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
