वैशाख पूर्णिमा पर हसदेव आरती, नमामि हसदेव सेवा समिति ने लिया संरक्षण का संकल्प

कोरबा।वैशाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर नमामि हसदेव सेवा समिति ने सर्वमंगला घाट पर महा आरती का आयोजन किया। काफी संख्या में लोग यहां जुटे और हसदेव नदी को अविरल एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।

मुख्य यजमान गायत्री शक्तिपीठ कोरबा के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी कमलेश मिश्रा ने कहा कि हसदेव नदी को स्वच्छ और संरक्षित रखना केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।

श्री मिश्रा ने समिति के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।

बाल्को सेवानिवृत्त मैत्री संघ के संयोजक जय कृष्ण तिवारी, विश्व हिन्दू परिषद कोरबा के जिला मंत्री चेतन कुमार राठौर एवं बाल्को सेवानिवृत्त मैत्री संघ के अध्यक्ष अजय दास वैष्णव ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से जल स्रोतों और पर्यावरण के खास घटक को अच्छी स्थिति में रखा जा सकता है।

कार्यक्रम में रणधीर पाण्डेय, चंद्रकिशोर श्रीवास्तव सहित काफी संख्या में पर्यावरण की चिंता करने वाले लोग उपस्थित थे।