कोरबा। जिले में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। “सजग कोरबा” अभियान के तहत अब सड़क हादसे की स्थिति में चालक के साथ-साथ वाहन मालिक पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में बालको प्लांट परिसर में पुलिस द्वारा ट्रांसपोर्टर्स और प्रबंधन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडिशनल एसपी लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और टीआई युवराज तिवारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टर्स को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से भारी वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन, रात्रि में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाने और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे, वहीं वाहन मालिकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में विशेष अभियान चलाकर सघन चेकिंग की जाएगी। उनका कहना है कि अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें सख्ती से रोकना आवश्यक है।
पुलिस ने अपील की है कि सभी वाहन चालक और मालिक नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
