कोरबा। प्रदेश सरकार द्वारा 1 मई से 10 जून तक दूसरी बार सुशासन तिहार मनाने की घोषणा पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने कहा कि पिछले वर्ष सुशासन तिहार के दौरान लिए गए हजारों आवेदनों का आज तक निराकरण नहीं हुआ, ऐसे में नया अभियान केवल ढकोसला प्रतीत होता है।
मुकेश राठौर ने कहा कि वर्ष 2025 में नगर निगम के सभी 67 वार्डों में शिविर लगाकर बड़ी संख्या में आवेदन लिए गए थे और तत्काल समाधान का भरोसा दिलाया गया था। लोगों ने अपनी समस्याओं के त्वरित निराकरण की उम्मीद में बढ़-चढ़कर आवेदन जमा किए थे, बदले में उन्हें क्यूआर कोड युक्त पावती दी गई थी। इसी क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन की स्थिति जानने की व्यवस्था बताई गई थी।
उन्होंने कहा कि स्वयं पार्षद होने के नाते उन्होंने भी अपने वार्ड की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए थे। पूर्व पार्षद सुनीता राठौर, कुंज बिहारी साहू, बसंत देवांगन, दिनेश पाण्डेय,धरम साहू,समीर खुंटे, रघुनाथ प्रसाद राठौर,कन्हैया राठौर,आरडी नायक,शशिपाली पटेल और शिवा राठौर सहित कई लोगों ने कुल 23 आवेदन जमा किए थे।
राठौर के अनुसार इनमें से केवल 3 कार्यों का निराकरण हुआ है, जबकि शेष 20 मामलों का कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। पोर्टल पर अधिकांश आवेदन अब भी कार्य प्रगति पर है दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे शासन के दावों और जमीनी हकीकत के बीच साफ विरोधाभास नजर आता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
