महिला मोर्चा का आक्रोश सम्मेलन, अधिकारों के लिए संघर्ष का संकल्प दोहराया

कोरबा। महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने पर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को टीपी नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में नारी शक्ति आक्रोश सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं तथा महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को विपक्षी दलों का समर्थन नहीं मिला, जिससे देश की आधी आबादी को इसका लाभ नहीं मिल सका। सम्मेलन में “नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने फिर किया अपमान” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि महिलाएं किसी भी अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी हैं और अपने अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेंगी।

सम्मेलन भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेत्री ज्योति वर्मा, प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री संतोषी दीवान तथा जिला महामंत्री स्वाति कश्यप ने संबोधित किया और विपक्षी दलों पर निशाना साधा।

कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष पुष्पकला साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला मंत्री चंचला राठौर ने किया। सम्मेलन में प्रीति चौहान, केया सेन गुप्ता, धनवाई निर्मलकर, अनीता राजपूत सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।