लोड बढ़ने और तकनीकी गड़बड़ी से उपभोक्ता परेशान
कोरबा। भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में घरेलू बिजली की मांग राज्य बिजली कंपनी की उत्पादन क्षमता से लगभग दोगुनी हो गई है। केंद्रीय क्षेत्र से मिल रही अतिरिक्त बिजली से संकट कुछ हद तक टला है, लेकिन कोरबा जिले में वितरण कंपनी की आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव साफ नजर आ रहा है।
मंगलवार को शहर के कई हिस्सों में सुबह और शाम घंटों बिजली गुल रही, जिससे लोग गर्मी में परेशान होते रहे।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम तकनीकी गड़बड़ी के कारण बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हुई। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह मेंटेनेंस कार्य के चलते शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली बंद रखी गई। टीपी नगर क्षेत्र में सुबह 9:30 बजे से बिजली आपूर्ति ठप रही, जो लगभग दो घंटे बाद बहाल हो सकी।
इसके बाद शाम 7 बजे फिर करीब एक घंटे के लिए बिजली बंद कर दी गई। रात 8 बजे कुछ देर बिजली आने के बाद सप्लाई फिर बाधित हो गई। आधे घंटे बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। रामसागर पारा, पटेल पारा, मिशन रोड और इंदिरा नगर फोकटपारा सहित कई इलाकों के उपभोक्ताओं को सुबह के बाद शाम में भी बिजली कटौती झेलनी पड़ी।
भीषण गर्मी से राहत पाने लोग कूलर, एसी और पंखों का अधिक उपयोग कर रहे हैं, जिससे बिजली खपत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। सब स्टेशनों पर बढ़े लोड का असर अब बिजली आपूर्ति पर दिखाई देने लगा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
