बंद राखड़ बांध में फिर शुरू हुई डंपिंग, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

कोरबा।कटघोरा विकासखंड के ग्राम लोतलोता में बंद पड़े राखड़ बांध में दोबारा राखड़ डंप किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (कोरबा-पश्चिम) पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम के पूर्व सरपंच ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि लोतलोता स्थित राखड़ बांध 4-5 वर्ष पहले क्षमता से अधिक भर जाने के कारण बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद झाबू स्थित बांध से राखड़ लाकर यहां तथा आसपास की खाली जमीन पर डंप किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे क्षेत्र में गंभीर पर्यावरणीय समस्या उत्पन्न हो रही है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों में भोजन तक राखड़ की धूल से प्रभावित हो रहा है। वहीं आगामी बारिश के मौसम में किसानों की फसलों पर भी इसका विपरीत असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।