श्रेयांश साहू ने पावरलिफ्टिंग में जीता सिल्वर मेडल, कोरबा का नाम किया रोशन

कोरबा।कोरबा जिले के दर्री स्थित सीएसईबी कॉलोनी निवासी प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्रेयांश साहू ने पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया है। उदयपुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में श्रेयांश ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और कड़ी मेहनत के दम पर सिल्वर मेडल जीतकर न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

श्रेयांश साहू, जो अज्जू साहू और रवि साहू के भतीजे हैं, बचपन से ही खेलों के प्रति विशेष रुचि रखते हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार अभ्यास और समर्पण के साथ इस मुकाम को हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही, लेकिन श्रेयांश ने आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।

परिजनों और शुभचिंतकों ने श्रेयांश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रेयांश की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

श्रेयांश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और कोच को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी वे कड़ी मेहनत जारी रखेंगे और देश-प्रदेश के लिए और अधिक पदक जीतने का प्रयास करेंगे।

इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कोरबा क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।