भारतमाला मार्ग पर फिर पथराव, कार क्षतिग्रस्त; लगातार वारदातों से दहशत

कोरबा। कोरबा जिले को रांची से जोड़ने वाले भारतमाला मार्ग पर एक बार फिर बदमाशों ने लूट के इरादे से चलती कार पर पथराव कर दहशत फैला दी। इस हमले में मानिकपुर निवासी एक परिवार बाल-बाल बच गया, जबकि कार क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार मानिकपुर चौकी क्षेत्र के एसईसीएल निवासी जितेंद्र सोनी अपने मित्र के साथ बिलासपुर से कोरबा लौट रहे थे। भारतमाला मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों ने अचानक उनकी कार पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।

स्थिति भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन नहीं रोका और सीधे सर्वमंगला पहुंचकर रुके। वहां देखने पर कार के दोनों ओर पत्थर लगने के निशान मिले और वाहन को नुकसान पहुंचा था।

पीड़ित युवक ने बताया कि हमलावर तीन युवक थे और उनका इरादा लूटपाट का लग रहा था। यदि वाहन रोक दिया जाता तो बड़ी वारदात हो सकती थी।

गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को उरगा थाना क्षेत्र के बलौदा-तरदा मार्ग पर भी इसी तरह की घटना हुई थी। उस दौरान कार पर हुए पथराव में मेघा सिंह नामक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसकी आंख का कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो गया था।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से भारतमाला मार्ग पर रात के समय सफर करने वाले लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।