राजस्व, पेंशन, राशन कार्ड प्रकरणों के समयसीमा में निपटारे के निर्देश
कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित आवेदनों का गुणवत्ता के साथ समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व, पेंशन और राशन कार्ड से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए। उन्होंने बताया कि 1 मई से 10 जून तक शहर के वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर पेयजल, ओआरएस पैकेट, स्वास्थ्य कर्मियों और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छाया, पंखे और कूलर की व्यवस्था करने को कहा।
प्रशासनिक सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने टीएल, पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया। खाद एवं बीज भंडारण की समीक्षा करते हुए किसानों के धान खरीदी पंजीयन को 31 मई से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके लिए कोटवारों से मुनादी कराने और मिशन मोड में कार्य करने को कहा गया।
खराब हैंडपंप सुधारने पीएचई को निर्देश
कलेक्टर ने पीएचई विभाग को गर्मी के मौसम में खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ गांवों में पाइपलाइन सुधारकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को लू से बचाव और उपचार की समुचित व्यवस्था करने तथा आम नागरिकों को एडवाइजरी जारी कर जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ कुमार निशांत, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
