कोरबा। जिले में 1 मई से सुशासन तिहार शुरू होने जा रहा है और इसके लिए प्रशासन द्वारा जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, पिछले वर्ष सुशासन तिहार में दिए गए आवेदन अब तक लंबित पड़े हैं, जिससे व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते वर्ष नगर पंचायत छुरीकला में सुशासन तिहार के तहत एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए थे। इन्हीं में से एक आवेदन अलख राम जायसवाल द्वारा उनके मकान के ऊपर से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन को हटाने के लिए दिया गया था।
एक वर्ष बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं कर पाया है। बताया जा रहा है कि आवेदन कलेक्टर, एसडीएम, विद्युत मंडल और नगर पंचायत सहित विभिन्न विभागों के बीच घूमता रहा, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर ठोस पहल नहीं की।
अलख राम जायसवाल ने बताया कि उन्होंने समस्या के समाधान की उम्मीद से आवेदन दिया था, लेकिन अब तक सिर्फ पत्राचार ही होता रहा। बिजली लाइन मकान के ऊपर से गुजरने के कारण हमेशा खतरा बना हुआ है।
अब जबकि फिर से 1 मई से सुशासन तिहार मनाने की तैयारी चल रही है, ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब पुराने आवेदन ही लंबित हैं, तो नए शिविरों का औचित्य क्या है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
