जनदर्शन में आई सड़क, सीमांकन और फसल सर्वेक्षण की मांग, कलेक्टर दुदावत ने दिए कार्रवाई के निर्देश

कोरबा।जिला प्रशासन के जनदर्शन में सोमवार को 96 आवेदन आए। बुनियादी मसलों के अलावा कई प्रकार की समस्या और मांग लोगों ने की। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आवेदनों पर संज्ञान लेने के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम कोथारी के विजेन्द्र पाटले ने सूदखोरी के आरोपियों पर कार्यवाही नहीं होने तथा उरगा पुलिस की कार्यशैली के संबंध में शिकायत की। ग्राम रौनाढाप के बंशीलाल ने आरबीसी 6-4 अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। नीलम सोनी, श्रीया स्व-सहायता समूह ने गढ़कलेवा कटघोरा में टेंट की जगह स्थायी शेड निर्माण की मांग रखी।

ग्राम पंचायत सतरेंगा की सरपंच बंधन बाई ने पहाड़ी कोरबा बस्ती छातासरई से खोखराआमा तक सड़क निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर शिकायत की। ग्राम बांधाखार की सुनंदा पटेल ने फसल सर्वेक्षण कार्य में लंबित भुगतान राशि दिलाने की मांग की। ग्राम कुरूडीह के शांतिलाल ने सीमांकन संबंधी समस्या प्रस्तुत की।

पाली के लालसिंह पैकरा ने किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। ग्राम कोराई-सतरेंगा के बालीराम ने वन अधिकार पट्टा अंतर्गत प्राप्त भूमि को खरीद-फरोख्त के नाम पर हड़पने की शिकायत की और भूमि वापसी की मांग रखी।

ग्राम सुतर्रा के चंदन सिंह ने हल्का पटवारी द्वारा गलत सीमांकन किए जाने की शिकायत की। ग्राम पोलमी के खिलावन डिक्सेना ने बिजली विभाग उड़नदस्ता टीम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया।

ग्राम नेवसा की खीक बाई ने अपनी भूमि का सीमांकन कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम देवरमाल के राजेश भारद्वाज ने पटवारी को हटाने की मांग की, वहीं ग्राम चचिया के फूलसिंह ने भारतमाला सड़क निर्माण के प्रभावित क्षेत्र में बोर के मुआवजा राशि की मांग उठाई।