30 अप्रैल को कोरबा में महिला जनसुनवाई, राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष विजया रहाटकर सुनेंगी समस्याएं

कोरबा।राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा 30 अप्रैल को कोरबा, छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार – महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इस जनसुनवाई की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती विजया रहाटकर करेंगी। यह पहला मौका होगा जब आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष कोरबा आ रही हैं।

प्रशासन की ओर से उपलब्ध सूचना में बताया गया कि 30 अप्रैल को प्रातः 11:30 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष, कोरबा में जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। इस बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, कानून-व्यवस्था तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष, कोरबा में महिला जनसुनवाई आयोजित होगी, जहां महिलाएं अपनी शिकायतों के साथ सीधे उपस्थित होकर अपनी बात रख सकेंगी।

राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा सभी महिलाओं से अपील किया गया है कि वे बिना किसी संकोच के वॉक-इन शिकायतकर्ता के रूप में जनसुनवाई में उपस्थित हों और अपनी समस्याएं जैसे घरेलू हिंसा, कार्यस्थल उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, साइबर अपराध, दहेज प्रताड़ना, पारिवारिक विवाद, सामाजिक उत्पीड़न अथवा अन्य महिला संबंधी शिकायतें आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें।

आयोग का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाना, उनकी आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने महिलाओं से कहा कि वे अपनी समस्याओं को रखने और समाधान के लिए इस कार्यक्रम में जरूर आएं।