मंदिर में प्रतिमा खंडित कर लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जटगा क्षेत्र में मंदिरों में घुसकर प्रतिमा खंडित करने और आगजनी करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ने पहले शिव मंदिर में आग लगाई। इसके बाद तालाब किनारे स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर वहां भी आगजनी की और प्रतिमा को तालाब में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।

स्थिति को देखते हुए कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत और थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बैकुंठपुर निवासी रोहित खैरवार के रूप में हुई है, जो जटगा में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था।

एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि युवक द्वारा भगवान की प्रतिमाओं के वस्त्र जलाने, मूर्तियां तोड़ने और शिवलिंग को नदी में फेंकने की सूचना मिली थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी इस तरह की हरकतों की जानकारी सामने आई है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की गई है।