मालवाहक की टक्कर से टीपी नगर चौक का सिग्नल पोल ध्वस्त, बड़ा हादसा टला

कोरबा। शहर के व्यस्त ट्रांसपोर्ट नगर चौक में रविवार देर रात एक भारी मालवाहक वाहन ने सिग्नल पोल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। हादसे के बाद चौक का ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम बंद हो गया। गनीमत रही कि घटना रात में हुई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर चौक में रात करीब 1 बजे राजस्थान ट्रांसपोर्ट से संबंधित एक वाहन ने सिग्नल पोल को ठोकर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल अपनी जगह से उखड़कर गिर पड़ा। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि नाइट पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल पहुंचकर क्षतिग्रस्त पोल को हटवाया और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। संबंधित वाहन किसी ठेकेदार के अनुबंध में संचालित बताया जा रहा है। मामले में आवश्यक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद ट्रांसपोर्ट नगर चौक के तीन दिशाओं का सिग्नल सिस्टम बंद हो गया है। पहले चारों दिशाओं में सिग्नल व्यवस्था चालू थी, जिससे यातायात नियंत्रित होता था। स्टेडियम रोड की ओर लगा पोल उखड़ने से नेटवर्किंग भी प्रभावित हुई है।

फिलहाल जब तक सिग्नल की मरम्मत नहीं हो जाती, ट्रैफिक पुलिस को मैनुअल तरीके से यातायात संभालना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही हादसा दिन के समय होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।