रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं,प्रशासन ने कहा- अफवाहों पर ध्यान न दें

कोरबा। जिले में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिले में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से जारी है।

प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 तक जिले के सभी 28 गैस वितरकों के पास कुल 4,295 घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। जिले में कुल 2 लाख 92 हजार 600 गैस उपभोक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें 1 लाख 52 हजार 236 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े हैं। वर्तमान स्टॉक आगामी एक से दो दिनों की आपूर्ति के लिए पर्याप्त बताया गया है।

वहीं जिले के 102 पेट्रोल पंपों के माध्यम से पेट्रोल और डीजल की नियमित सप्लाई जारी है। जिले में पेट्रोल की कुल भंडारण क्षमता 2,085 किलोलीटर है, जिसमें वर्तमान में 856 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है, जो कुल क्षमता का 41 प्रतिशत है।

डीजल की कुल भंडारण क्षमता 3,537 किलोलीटर है, जिसमें फिलहाल 1,230 किलोलीटर स्टॉक मौजूद है, जो कुल क्षमता का 34 प्रतिशत है। अप्रैल माह में जिले में पेट्रोल की औसत दैनिक खपत 177 किलोलीटर तथा डीजल की 588 किलोलीटर दर्ज की गई है।

प्रशासन ने बताया कि तेल कंपनियों और स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से आपूर्ति व्यवस्था लगातार मजबूत रखी जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकतानुसार ही ईंधन व गैस का उपयोग करें।