धीवर समाज महासभा का दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन सम्पन्न, प्रतिभाओं का सम्मान और सामुदायिक भवन हेतु 10 लाख की घोषणा

सक्ति। धीवर समाज महासभा बिलासपुर संभाग का 02 दिवसीय वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह (मिनी महासभा) 22 से 23 अप्रैल 2026 तक सामुदायिक भवन सक्ति (जवाहर लाल नेहरू कॉलेज के बगल में) में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत आराध्य देव श्री रामचंद्र जी के छायाचित्र की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण से हुई। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत चंदन तिलक, फूलमाला, शाल, श्रीफल एवं गुलदस्ता भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती कमलेश जांगड़े (सांसद, जांजगीर-चाम्पा लोकसभा) रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य सक्ति मो. सफीक अहमद, सरपंच श्रीमती अनिता संजय सिदार एवं पूर्व सरपंच संजय सिदार (ग्राम पंचायत बोरदा) शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा अध्यक्ष देवव्रत भीष्म ने की।

सांसद ने सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख की घोषणा
सांसद द्वारा धीवर समाज सामुदायिक भवन कंचनपुर, सक्ति का भूमिपूजन किया गया एवं सांसद निधि से 10 लाख रुपये की घोषणा की गई।

मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान कार्यक्रम के अंतर्गत सत्र 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं के 20 विद्यार्थियों एवं 12वीं के 12 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कक्षा 10वीं के टॉप-3:
प्रथम दीक्षा (संतोष धीवर, पामगढ़) 95.16%
द्वितीय सोनू (जेठूराम धीवर, बेलकर्री) 94.6%
तृतीय प्रकाश कुमार (चंद्रशेखर धीवर, सिउंड) 91%

कक्षा 12वीं के टॉप-3:
प्रथम प्रकाश (कृष्णकुमार जलतारे, अड़भार) 78.6%
द्वितीय निधि (चंद्रभानू धीवर, कोरबा) 77.6%
तृतीय ध्रुव कुमार (गणेश राम धीवर, बनारी) 77.2%

प्रोत्साहन राशि से हुए सम्मानित
समाज में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि क्रमशः 5,100 रुपये, 3,100 रुपये, 2,100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।

खेल, कला एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी हुआ सम्मान
खेलकूद के क्षेत्र में 07 विद्यार्थियों, कला-गायन के क्षेत्र में 01 विद्यार्थी एवं विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर नंदलाल (ठण्डाराम धीवर, पुटपुरा) का सम्मान प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर किया गया।

आदर्श विवाह को किया प्रोत्साहित
गत माह हिन्दू रीति-रिवाज से आज के समय की खर्चीली शादियों को नकारते हुए आदर्श विवाह करने वाले दाम्पत्य जोड़े मनोज कुमार धीवर (भैंसों) और लक्ष्मीन बाई धीवर (धुरकोट) को विवाह प्रमाण पत्र, दीवार घड़ी एवं 5,100 रुपये की उपहार राशि देकर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और विवाह परिचय सम्मेलन
समाज के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन भी आयोजित हुआ, जिसमें एक युवक को लड़की एवं उनके पिता द्वारा विवाह हेतु सहमति प्रदान की गई।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
महासभा के निर्देश पर मुरली मनोहर धीवर (खटोला) एवं प्रेरणा धीवर (भोजपुर, चाम्पा) द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें निःशुल्क रक्त जांच, बीपी, शुगर जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।

महासभा द्वारा आय-व्यय का लेखा-जोखा ईमानदारी, सटीकता एवं पारदर्शिता के साथ कोषाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत किया गया।

सांसद ने अपने उद्बोधन में मछुआरा समाज की बहुप्रतीक्षित मांग अनुसूचित जनजाति वर्ग में शामिल किये जाने की मांग लोकसभा में उठाने की बात कही। उनके द्वारा समाज के बच्चों को पढ़-लिखकर अच्छे पदों पर आसीन होने हेतु प्रेरित किया गया।

मंच का सफल संचालन बलिराम लहिमोर (पूर्व संरक्षक) एवं राजेश धीवर ने किया। महासभा अध्यक्ष देवव्रत भीष्म ने समस्त स्वजातीय बंधुओं को उनके अमूल्य समय के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।