फ्लाई ऐश फिलिंग से जिंदा नाला का अस्तित्व खतरे में,नियमों को ताक पर रखकर हो रहा डंपिंग, ग्रामीणों में रोष

कोरबा। जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पीडिया में नियमों की अनदेखी कर फ्लाई ऐश (राखड़) पाटे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की जानकारी के बावजूद पर्यावरण संरक्षण के मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे जलस्त्रोत और ग्रामीण सड़क दोनों खतरे में हैं।

जानकारी के अनुसार पीडिया के लो लाइन क्षेत्र में फ्लाई ऐश डंपिंग का कार्य किया जा रहा है। संबंधित पक्ष द्वारा अनुमति संबंधी दस्तावेज दिखाए जा रहे हैं, लेकिन जिस स्थान पर राखड़ डाली जा रही है, उसके बेहद करीब एक नाला स्थित है, जो क्षेत्र का जीवित जल स्रोत माना जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि नियमानुसार किसी भी नदी-नाले से निर्धारित दूरी बनाए बिना फ्लाई ऐश डंपिंग नहीं की जा सकती, जबकि यहां नाले से करीब 100 मीटर दूरी पर ही राखड़ डाली जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के दौरान पूरा राखड़ बहकर नाले में पहुंच सकता है, जिससे जल प्रदूषण बढ़ेगा।

भारी वाहनों से सड़क पर संकट
दूसरी ओर राखड़ परिवहन में लगे भारी वाहन गांव की प्रधानमंत्री सड़क से लगातार गुजर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे सड़क की हालत खराब होना तय है और आने-जाने में भी परेशानी बढ़ रही है।

ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फ्लाई ऐश परिवहन और निस्तारण में तय मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा। जलस्त्रोत और सड़क को नुकसान पहुंचाने वाली इस मनमानी से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है।