बालको में फायर सर्विस सप्ताह का आयोजन, 1100 से अधिक लोगों को अग्नि सुरक्षा का संदेश

बालकोनगर। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने राष्ट्रीय फायर सर्विस सप्ताह के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर अग्नि सुरक्षा को बढ़ावा दिया। ‘सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज’ थीम पर आयोजित इस अभियान में कर्मचारियों, व्यापारिक साझेदारों, स्कूली छात्रों और स्थानीय समुदाय सहित 1100 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

सप्ताह भर चले कार्यक्रम में क्विज, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताओं के जरिए प्रतिभागियों को अग्नि सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। इसके अलावा लाइव फायर सेफ्टी डेमो, सुरक्षा प्रशिक्षण सत्र और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए गए, जिससे सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।

उत्कृष्ट योगदान देने वालों का सम्मान
अभियान के समापन अवसर पर विभिन्न विभागों के उन कर्मचारियों और टीमों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने प्लांट परिसर में अग्नि सुरक्षा को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया। कार्यक्रम में एनटीपीसी लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी : राजेश कुमार
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि अग्नि सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए निरंतर सतर्कता और तैयारी जरूरी है। बालको जागरूकता बढ़ाने और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

बीते वर्ष 200 से अधिक आपात स्थितियों में दी मदद
बालको की फायर और सेफ्टी टीम ने पिछले वित्तीय वर्ष में 200 से अधिक आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया दी। साथ ही 5500 से अधिक लोगों को फायर एक्सटिंग्विशर उपयोग, सीपीआर और आपातकालीन प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। प्लांट व आसपास के क्षेत्रों में 100 से अधिक मॉक ड्रिल्स भी कराई गईं।

प्लेटिनम अवॉर्ड से सम्मानित
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बालको के फायर विभाग को ग्रो केयर इंडिया द्वारा वित्तीय वर्ष 2026 के लिए मेटल एवं पावर डिवीजन में ‘फायर एंड सेफ्टी में उत्कृष्टता’ प्लेटिनम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कंपनी की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारी का प्रमाण माना जा रहा है।