कोरबा। जिले के छुरीकला क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से राखड़ डंप किए जाने का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद करुणा शंकर देवांगन ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत छुरीखुर्द अंतर्गत दो स्थानों पर तेजी से राखड़ पाटने का कार्य किया जा रहा है।
इनमें गांगपुर से झोरा जाने वाले मुख्य मार्ग के पास विजय घाटी के ऊपर दाईं ओर तथा छुरी से छुरीखुर्द मार्ग पर तालाब के समीप का क्षेत्र शामिल है। आरोप है कि कुछ लोग निजी भूमि बताकर यहां राखड़ डंप कर रहे हैं।
पार्षद ने कहा कि यह इलाका पहले से ही एनटीपीसी के राखड़ बांध से प्रभावित है। उड़ती राख से आसपास के ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं, वहीं अब अतिरिक्त डंपिंग से हालात और गंभीर हो गए हैं।
स्वास्थ्य और खेती पर असर
शिकायत में बताया गया है कि राखड़ डंपिंग से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है। जल स्रोत प्रभावित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को त्वचा रोग, सांस और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान राखड़ बहकर खेतों तक पहुंच रही है, जिससे कृषि भूमि और फसलों पर भी असर पड़ रहा है।
अनुमति का दावा, जांच की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि संबंधित लोग इस कार्य के लिए विभागीय अनुमति होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
पार्षद ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कर अवैध डंपिंग पर रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को प्रदूषण से राहत मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
