पूर्व सैनिक बताकर इंजीनियर को नौकरी नहीं दे रही विद्युत कंपनी, जनदर्शन में पीड़ित ने कलेक्टर से लगाई गुहार

कोरबा। छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन कंपनी में जूनियर इंजीनियर पद पर चयनित होने के बावजूद नियुक्ति नहीं दिए जाने का मामला सोमवार को जनदर्शन कार्यक्रम में सामने आया। कोरबा जिले के निवासी देवेन्द्र द्विवेदी ने आरोप लगाया कि कंपनी उन्हें गलत तरीके से पूर्व सैनिक श्रेणी का बताकर जॉइनिंग नहीं दे रही है।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में पहुंचे देवेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कंपनी द्वारा आयोजित जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा सभी निर्धारित मापदंडों के साथ उत्तीर्ण की है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कंपनी की ओर से कहा जा रहा है कि आवेदन पत्र में उन्होंने स्वयं को पूर्व सैनिक दर्शाया था।

देवेन्द्र का कहना है कि उन्होंने आवेदन पत्र के पूर्व सैनिक कॉलम में कुछ भी उल्लेख नहीं किया था और न ही उनका इस श्रेणी से कोई संबंध है। उन्होंने अपने आवेदन पत्र की प्रति प्रमाण के तौर पर अधिकारियों को उपलब्ध कराई है। इसके बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं दी जा रही है।

जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग को जांच कर उचित निराकरण के निर्देश दिए।

कई अन्य समस्याएं भी पहुंचीं जनदर्शन में
जनदर्शन कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। प्राप्त आवेदनों में सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, खाद्य, वनाधिकार, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

वृद्धावस्था पेंशन से जुड़े आवेदन पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को त्वरित परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ देने के निर्देश दिए। वहीं भू-अर्जन मामलों में उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाती है, ताकि पारदर्शिता और विधिसम्मत प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।