चौराहों पर बनेंगे प्रतीक्षा शेड, लोगों को गर्मी-बारिश से मिलेगी राहत

32.30 लाख की लागत से सीएसईबी चौक में दो शेड का भूमिपूजन, मंत्री लखनलाल व मेयर संजू देवी रहीं मौजूद

कोरबा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल के दौरान इंतजार कर रहे वाहन चालकों और आम नागरिकों को अब गर्मी व बारिश से राहत मिलेगी। इसी कड़ी में सीएसईबी चौक में 32 लाख 30 हजार रुपये की लागत से दो प्रतीक्षा शेड बनाए जाएंगे। इस कार्य का भूमिपूजन सोमवार को कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि शहर के चौक-चौराहों पर सड़क के ऊपर प्रतीक्षा शेड बनने से ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को गर्मी तथा बारिश में काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर की सभी प्रमुख सड़कों के डामरीकरण का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने के दौरान लोगों को लंबे समय से परेशानी होती थी। इससे ट्रैफिक जवानों और आमजन दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। प्रथम चरण में सीएसईबी चौक में दो प्रतीक्षा शेड बनाए जाएंगे, इसके बाद शहर के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर भी ऐसे शेडों का निर्माण कराया जाएगा।

समाजों के भवनों की भी रखी आधारशिला
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समाजों के सामुदायिक भवनों की आधारशिला भी रखी गई। इसके तहत सुभाष ब्लॉक एसईसीएल कॉलोनी में सतनामी समाज भवन का निर्माण 15 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा, जबकि हेलीपेड के पास किन्नर समाज भवन का निर्माण 10 लाख रुपये की लागत से होगा।

इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर,पार्षद नरेन्द्र देवांगन,लक्ष्मण श्रीवास,मुकुंद सिंह कंवर,धनकुमारी गर्ग, ममता यादव,सिमरनजीत कौर,नारायण लाल कुर्रे,प्रभा टीकम राठौर,रूबी देवी सागर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।