35 लाख सहायता व रोजगार का ऐलान, घायलों को 15 लाख और इलाज तक वेतन; 24×7 हेल्पलाइन शुरू
सिंघीतराई, सक्ती। ग्राम पंचायत सिंघीतराई स्थित 2×600 मेगावॉट विद्युत संयंत्र में हाल ही में हुए हादसे के बाद मृतकों के परिवारों को मुआवजा राशि दी जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने छत्तीसगढ़ के प्रभावित परिवारों तक अपने प्रतिनिधि भेजकर सहायता पहुंचाना शुरू कर दिया है, जबकि अन्य राज्यों के मृत कर्मचारियों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए विशेष टीमें रवाना की गई हैं।
कंपनी प्रबंधन ने हादसे में मृत कर्मचारियों के परिवारजनों को 35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा रोजगार सहायता देने की घोषणा की है। वहीं प्रत्येक घायल कर्मचारी को 15 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही उनके पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक मासिक वेतन भी जारी रखा जाएगा।


इसके अलावा मृतकों के नामित परिजनों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESI) के प्रावधानों के तहत निश्चित पेंशन राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
घायलों का बेहतर इलाज जारी
हादसे में घायल कर्मचारियों का इलाज रायगढ़ और रायपुर के अस्पतालों में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के साथ जारी है। एहतियातन कंपनी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी ली हैं। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर घायलों को एयर एंबुलेंस से अन्य उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्रों में भेजने की व्यवस्था की गई है।
परिवारों की सुविधा का भी रखा जा रहा ध्यान
फोर्टिस अस्पताल रायगढ़ और मेट्रो बालाजी अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों ने बताया कि कंपनी की ओर से इलाज में हरसंभव सहयोग किया जा रहा है। अस्पतालों में कंपनी प्रतिनिधि लगातार मौजूद हैं और परिवारजनों के ठहरने, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि बेहतर इलाज का सकारात्मक असर दिख रहा है और घायलों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
24×7 हेल्पलाइन शुरू
प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों की सहायता के लिए कंपनी द्वारा वेदांता संवेदना केंद्र नाम से 24×7 हेल्पलाइन सेवा भी शुरू की गई है।
कंपनी ने हादसे से प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि संकट की इस घड़ी में वह हरसंभव सहायता के साथ उनके साथ खड़ी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

