एसईसीएल कॉलोनियों की बदहाल व्यवस्था पर उठा सवाल, मरम्मत व मूलभूत सुविधाओं की मांग तेज

शक्ति नगर, दीपका और ऊर्जा नगर में नाली क्षतिग्रस्त, सड़क, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी लगाने की मांग

कोरबा। कोरबा-पश्चिम एसईसीएल क्षेत्र के शक्तिनगर दीपका और ऊर्जानगर आवासीय कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव हो गया है। नालियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, वहीं आवासों की रंगाई-पुताई नहीं होने से प्लास्टर उखड़ने लगा है। गेवरा एरिया में कल्याण समिति के सदस्य हमराज राव ने इन समस्याओं को लेकर एसईसीएल प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया है।

कल्याण समिति ने उठाई ये मांगें:

सीसीटीवी कैमरे: गेवरा कॉलोनी परिसर के सभी चौक-चौराहों पर सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं

सड़क निर्माण: शक्तिनगर कॉलोनी की सड़कों का डामरीकरण कराया जाए

डस्ट नियंत्रण: शक्तिनगर-विजयनगर बायपास रोड पर नियमित पानी का छिड़काव कराकर डस्ट (धूल) से राहत दी जाए

स्ट्रीट लाइट: सीआईएसएफ बायपास रोड से गंगानगर तक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएं

डस्टबिन: सभी कॉलोनियों के परिसर में लगे टूटे डस्टबिन की मरम्मत कराई जाए

पानी टंकियों की सफाई: गेवरा, दीपका व शक्तिनगर में एसईसीएल कॉलोनी की छतों पर बने पानी टंकियों पर उगी झाड़ियों की सफाई कराई जाए (टेंडर हो चुका है)

बीएमएस की चेतावनी
हमराज राव ने कहा कि इन मांगों को लेकर महाप्रबंधक का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है। इसके बाद भी सिविल विभाग की अनदेखी पर बीएमएस कर्मचारियों के हितों व जरूरी मूलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

गौरतलब है कि एसईसीएल की इन कॉलोनियों में हजारों कर्मचारी और उनके परिवार रहते हैं। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द इन समस्याओं का समाधान किए जाने की मांग की जा रही है।