कटघोरा-जेन्जरा बायपास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा, चालक की दबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा-जेन्जरा बायपास मार्ग पर ग्राम पतरापाली मोड़ के पास एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में चालक की दबने से मौत हो गई, वहीं सहचालक जख्मी हो गया। घायल को कटघोरा अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर से ग्राम पतरापाली मोड़ के पास चालक एकाएक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान अभी पूर्ण रूप से नहीं हो पाई है, लेकिन मौके पर मिली जानकारी के अनुसार उसका नाम राम बताया जा रहा है और उम्र लगभग 23 वर्ष के आसपास है।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस प्रभारी धर्म नारायण तिवारी के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल सहचालक को तत्काल चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।