तेज आंधी में निर्माणाधीन मकान की ढही तिमंजिला दीवार,दब गया पड़ोसी का परिवार

कोरबा। रविवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। खराब मौसम के कारण जहां सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं कुसमुंडा क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार कुसमुंडा क्षेत्र के प्रेम नगर कपाटमुड़ा मार्ग में संतोष वर्मा द्वारा मकान निर्माण कराया जा रहा है।

निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल में बनी नई दीवार रविवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच चले तेज आंधी-तूफान के दौरान भरभराकर पड़ोसी अजय धनवार के घर पर गिर गई।

दीवार गिरने से अजय धनवार के घर का छप्पर टूट गया और ईंट-मलबा घर के अंदर सो रहे अजय धनवार, उनकी पत्नी और बच्चे के ऊपर जा गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और घटनास्थल का नजारा देखकर दहल उठे।

मोहल्लेवासियों की मदद से तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए कोरबा अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में घर के भीतर रखा स्कूटी वाहन, बर्तन, बिस्तर सहित अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।बताया जा रहा है कि मकान मालिक संतोष वर्मा स्वयं अस्पताल में मौजूद हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।