जिले के खिलाड़ियों को रायफल शूटिंग रेंज की बड़ी सौगात, श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया शुभारंभ

कोरबा। जिले के खिलाड़ियों और युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए नगर पालिक निगम द्वारा स्थापित कोरबा रायफल शूटिंग रेंज का शुभारंभ किया गया। टीपीनगर स्थित प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम के पीछे निर्मित इस आधुनिक शूटिंग रेंज का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा शहर तेजी से बदल रहा है और लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। रायफल शूटिंग रेंज बदलते और संवरते कोरबा की एक नई पहचान है। उन्होंने खिलाड़ियों, युवाओं और शूटिंग के क्षेत्र में करियर बनाने वाले बच्चों को यह सुविधा मिलने पर महापौर, आयुक्त और सभापति को बधाई दी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जो कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी के सचिव भी हैं, ने शूटिंग रेंज स्थापना का प्रस्ताव आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के समक्ष रखा था। महापौर एवं आयुक्त की सहमति से यह परियोजना साकार हुई।

शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने रायफलों की पूजा-अर्चना की और प्रतीकात्मक शूटिंग कर रेंज का उद्घाटन किया।

महापौर ने जताई खुशी
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि यह कोरबा के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि आयुक्त आशुतोष पाण्डेय खेलों के विकास के प्रति गंभीर हैं और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने में विशेष रुचि रखते हैं।

अत्याधुनिक सुविधाओं की मांग
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत अब खेलों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और शूटिंग जैसे खेलों में विश्व स्तर पर पहचान बना रहा है। उन्होंने कोरबा रायफल शूटिंग रेंज में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, मथुरा बाई चंद्रा, मुकुंद सिंह कंवर, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष नौशाद खान, शूटिंग एकेडमी अध्यक्ष महेश अग्रवाल, खेल अधिकारी आर.के. साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।