सजग कोरबा-सतर्क कोरबा अभियान: नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 27 चालान

सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा उतरी सड़क पर

कोरबा। “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे की हालत में वाहन चलाना) सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में कुल 27 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान उन वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी गई, जो मादक पदार्थ या शराब सेवन के बाद वाहन चला रहे थे, जिससे आमजन की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता था।

जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या छूट नहीं दी जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
धारा 185 के तहत जिन चालकों पर कार्रवाई की गई है, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय भेजे जाएंगे, ताकि आगे नियमानुसार कार्रवाई हो सके।

यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया।

कोरबा पुलिस ने कहा है कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि स्वयं चालक और अन्य राहगीरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में अभियान लगातार जारी रहेगा।