दंतैल हाथी का आतंक, महिला का घर तोड़ा, अनाज खाकर जंगल की ओर भागा

कोरबा।जिले में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में सक्रिय हाथियों के बड़े दल से अलग होकर एक दंतैल हाथी ने जटगा ग्राम पंचायत के बांधापारा बस्ती में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने एक ग्रामीण महिला के घर को तहस-नहस कर दिया और घर में रखा अनाज भी खा गया।

पहाड़ से उतरकर बस्ती में पहुंचा हाथी
जानकारी के अनुसार कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में 49 हाथियों का बड़ा दल मेरउड़ पहाड़ पर पिछले कई दिनों से डेरा डाले हुए है। जंगल में पर्याप्त पानी और चारा होने के कारण दल पहाड़ी क्षेत्र में ही ठहरा हुआ था, लेकिन बीती रात एक दंतैल हाथी मुख्य दल से अलग होकर नीचे रिहायशी इलाके में पहुंच गया।

कमियाबाई का घर किया तबाह
बांधापारा बस्ती में हाथी के पहुंचते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी ने ग्रामीण महिला कमियाबाई (पति मोहितराम) के घर पर हमला कर दिया। दंतैल हाथी ने मकान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया तथा घर में रखा धान और महुआ भी खा गया। इस दौरान घरेलू सामान भी बिखर गया।

ग्रामीणों ने भारी शोर-शराबा कर हाथी को भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद वह जंगल की ओर लौट गया और केंदई रेंज की सीमा में प्रवेश कर गया।

वन विभाग ने किया नुकसान का आकलन
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सुबह मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित महिला को हजारों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है और वह फिलहाल बेघर हो गई है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। शासन के नियमानुसार जल्द ही क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की जाएगी।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के करीब न जाने और सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल केंदई रेंज क्षेत्र में हाथी की निगरानी की जा रही है।