पुलिस लाइन में अग्नि सुरक्षा पर मॉक ड्रिल, फायर एंड सेफ्टी टीम ने दिखाया बचाव का तरीका

कोरबा। जिले में आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में जिला पुलिस, फायर एंड सेफ्टी नगर सेना, बालको फायर सेफ्टी एवं विद्युत विभाग द्वारा संयुक्त रूप से फायर सेफ्टी का मॉक ड्रिल एवं विद्युत सुरक्षा अभ्यास का सफल आयोजन किया गया।

संयुक्त अभ्यास के दौरान विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों का वास्तविक रूप से प्रदर्शन कर उनका समाधान बताया गया। गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सुरक्षित रूप से आग बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया गया।

इसके अलावा फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, भवनों में आग लगने पर सुरक्षित निकासी, धुएं से बचाव एवं प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा शॉर्ट सर्किट, करंट एवं विद्युत उपकरणों में आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों को समझाया गया।

पुलिस लाइन के आवासीय परिसर में निवासरत पुलिस परिवार एवं आम नागरिकों को भी शामिल कर उन्हें फायर सेफ्टी एवं विद्युत उपकरणों से होने वाली आगजनी के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहकर सही कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में चेम्बर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।